भीलवाड़ा में काल बनकर दौड़ा ट्रक:: पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत, माँ और पत्नी लहूलुहान
भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल )। जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े मोटरसाइकिल सवार परिवार को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण भिड़ंत में पिता और उनकी 5 वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक की माँ व पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाप-बेटी की मौत की खबर से उनके पैतृक गांव कांटी में शोक की लहर दौड़ गई है।
मदद का इंतजार कर रहे थे, मिल गई मौत
सहायक उप-निरीक्षक (ASI) जी.एल. के अनुसार, कांटी निवासी भैरूनाथ योगी (30) अपनी पत्नी समता देवी (28), माता हीरा देवी (55) और 5 वर्षीय पुत्री रिया के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोटड़ी कपड़े खरीदने जा रहे थे। मार्ग में थालेड़ा चौराहे के पास अचानक मोटरसाइकिल में तकनीकी खराबी आ गई। भैरूनाथ ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और परिवार के साथ कोटड़ी जाने के लिए किसी अन्य साधन का इंतजार करने लगे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक के चालक ने घोर लापरवाही बरतते हुए सड़क किनारे खड़े इस परिवार को जोरदार टक्कर मार दी।
मासूम और पिता ने तोड़ा दम, अस्पताल में मची चीख-पुकार
हादसा इतना भीषण था कि चारों सदस्य लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की सहायता से घायलों को तत्काल कोटड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। महात्मा गांधी अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने भैरूनाथ और मासूम रिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, समता देवी और हीरा देवी के सिर व हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है। पिता-पुत्री की मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर चीख-पुकार से गूंज उठा।
आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज
मृतक के भाई कैलाश योगी ने कोटड़ी थाने में लिखित रिपोर्ट देकर दोषी ट्रक चालक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाकारी ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।