भजन संध्या पर विवाद: भाजपा नेता के चालक सहित तीन को मारी गोली

Update: 2026-03-28 07:46 GMT

 ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित मुरार इलाके में नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित भजन संध्या के दौरान खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। भजन बंद कराने की बात को लेकर उपजे विवाद में दबंगों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के निजी चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

भजन बंद कराने पहुंचे थे आरोपी

जानकारी के अनुसार, टिकोनिया मुरार इलाके में स्थित माता मंदिर परिसर में शुक्रवार रात साउंड सिस्टम पर भजन चल रहे थे। स्थानीय निवासी राजकुमार पांडेय ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले पप्पी उर्फ मुन्ना रजक और उसके बेटों निर्मल व सूरज को भजन की आवाज रास नहीं आई। तीनों ने मंदिर पहुंचकर भजन बंद करने का दबाव बनाया। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो आरोपी गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गए।

घर से कट्टा लाकर बरसाईं गोलियां

विवाद के दौरान राजकुमार के भाई संतोष पांडेय और चचेरा भाई आकाश पांडेय बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी बीच आरोपी पप्पी रजक घर से देशी कट्टा निकाल लाया और भीड़ पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में संतोष पांडेय के दाहिने हाथ की कोहनी में गोली लगी, जबकि आकाश की आंख के पास बारूद के छर्रे लगने से गंभीर चोट आई है। घटना में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है। बता दें कि घायल संतोष पांडेय भाजपा नेता आशीष अग्रवाल के निजी चालक हैं।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी पप्पी रजक और उसके दोनों बेटों को राउंडअप कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Similar News

भीलवाड़ा में पुलिस की कार्रवार्र्ईंं-: गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़,ईको कार व 4 सिलेंडर जब्त