चोरी के शक में पिता ने दो मासूम बेटियों को उल्टा लटकाया, एक की मौत

Update: 2026-03-28 08:11 GMT

 सांगली। महाराष्ट्र के सांगली जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक कलयुगी पिता ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। चोरी के मामूली शक में पिता ने अपनी ही दो मासूम बेटियों को घर की छत से उल्टा लटका दिया, जिससे 10 वर्षीय बच्ची की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता दादू उर्फ नाना यमगर को गिरफ्तार कर लिया है।

रात भर पानी के लिए गिड़गिड़ाती रही मासूम

पुलिस के अनुसार, आरोपी को शक था कि उसकी बेटियों ऋतुजा (10) और अनुजा (11) ने अतपड़ी स्थित एक रिश्तेदार के घर से पैसे चुराए हैं। इसी बात से आगबबूला होकर उसने दोनों बच्चियों के हाथ-पैर बांधे और उन्हें लोहे के एंगल से उल्टा लटका दिया। मासूम ऋतुजा पूरी रात प्यास से तड़पती रही और पानी मांगती रही, लेकिन पत्थर दिल पिता का कलेजा नहीं पसीजा।

बचाने आए परिजनों को दी जान से मारने की धमकी

हैरानी की बात यह है कि जब आरोपी के पिता और परिवार के अन्य सदस्यों ने बच्चियों को बचाने की कोशिश की, तो दादू ने हाथ में हंसिया लेकर उन पर हमला करने की धमकी दी। डर के मारे कोई भी मासूमों की मदद के लिए आगे नहीं आ पाया और दोनों बहनें पूरी रात उसी दर्दनाक स्थिति में लटकी रहीं।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

अगली सुबह जब दोनों बच्चियां बेहोश हो गईं, तब उन्हें नीचे उतारा गया। ऋतुजा की हालत बेहद नाजुक थी, उसे सोलापुर के पंढरपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, बड़ी बहन अनुजा का अस्पताल में इलाज जारी है, जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Similar News

भीलवाड़ा में पुलिस की कार्रवार्र्ईंं-: गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़,ईको कार व 4 सिलेंडर जब्त