भीलवाड़ा में रिश्तों का कत्ल-: पत्नी ने खुद का अश्लील वीडियो बनाकर पति को फंसाने की रची साजिश, 10 लाख की डिमांड
भीलवाड़ा। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र से वैवाहिक संबंधों में धोखेबाज़ी और आपराधिक षड्यंत्र का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक पत्नी ने अपने साथियों के साथ मिलकर न केवल पति को बदनाम करने के लिए अपना ही अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, बल्कि अब पति से 10 लाख रुपये की मोटी रकम की मांग करते हुए उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दे रही है। पीडि़त पति ने गांधीनगर थाने में पत्नी और उसके प्रेमियों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शादी के बाद से ही विवादित रहा व्यवहार
एक परिवादी दिलीप ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2022 में युवती के साथ हुआ था। आरोप है कि युवती शादी के बाद से ही ससुराल में रहने की इच्छुक नहीं थी और अक्सर बिना कारण विवाद कर पीहर लौट जाती थी। पति ने पत्नी की खुशी के लिए गांधीनगर थाना इलाके में नया मकान बनवाया और जेवरात भी दिलाए, लेकिन परिवादी की पत्नी का संपर्क शिवम शर्मा और विष्णु शर्मा नामक युवकों से बना रहा, जो उसे पति से अलग करने की साजिश रचते रहे।
फर्जी अकाउंट से वीडियो वायरल कर फंसाने का खेल
रिपोर्ट के अनुसार, 20 मार्च 2026 की रात्रि को एक फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से परिवादी की पत्नी का 'न्यूड बाथरूम वीडियो' वायरल किया गया। साजिश के तहत समाज में यह प्रचारित किया गया कि यह वीडियो उसके पति दिलीप ने ही वायरल किया है। पीडि़त का आरोप है कि उसकी पत्नी ने अन्य लोगोंं के साथ मिलकर खुद का यह अश्लील वीडियो तैयार किया ताकि पति की प्रतिष्ठा धूमिल की जा सके और उसे जेल भिजवाया जा सके।
10 लाख रुपये की मांग
पीडि़त दिलीप ने बताया कि जब उसने इस दुष्प्रचार का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि वह कानूनी कार्रवाई से बचना चाहता है, तो 10 लाख रुपये दे। आरोपियों ने पहले ही षड्यंत्र के तहत परिवादी के परिजनों द्वारा दी गई ज्वेलरी भी हड़प ली है। इस कृत्य से प्रार्थी की समाज में भारी बदनामी हुई है और उसकी निजता (प्राइवेसी) का हनन हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
गांधीनगर थाना पुलिस ने दिलीप की रिपोर्ट पर इसकी पत्नी, शिवम शर्मा, विष्णु शर्मा और अन्य के विरुद्ध आपराधिक साजिश, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट के तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
