श्रीगंगानगर: भारत-पाक सीमा पर बीएसएफ और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ड्रोन से गिराई 50 करोड़ की हेरोइन जब्त
श्रीगंगानगर। राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में सुरक्षा एजेंसियों ने गुरुवार को नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रावला थाना क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पुलिस, बीएसएफ और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई करीब 10 किलो हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत 40 से 50 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
रेतीले टिब्बों के बीच दबोचे आधा दर्जन तस्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ऑपरेशन रावला से करीब 5 किलोमीटर दूर चक 2-केएनडी के एक दुर्गम खेत में चलाया गया। तीन तरफ से ऊंचे रेतीले टिब्बों से घिरे इस इलाके में तस्करों की संदिग्ध हलचल देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। घेराबंदी के दौरान टीम ने मौके से आधा दर्जन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपियों में कुछ स्थानीय निवासी हैं, जबकि कुछ पंजाब के रहने वाले हैं।
पदमपुर पुलिस की अहम भूमिका, एसपी भी रहे सक्रिय
हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल से करीब 150 किलोमीटर दूर स्थित पदमपुर थाना की प्रभारी श्रीमती सुमन जयपाल भी इस ऑपरेशन में शामिल रहीं, जिससे संकेत मिलते हैं कि पुलिस को इस खेप की सटीक इनपुट पहले से थी। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी तस्करों ने देर रात या अलसुबह ड्रोन से यह नशीला पदार्थ ड्रॉप किया था।
पुरानी घटना से जुड़ रहे तार
इस कार्रवाई को पिछले रविवार को चक 1-डीओएल में हुई एक घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। उस समय दिल्ली नंबर की एक आर्टिगा कार पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भाग निकली थी। संयोगवश उस दौरान नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव क्षेत्र के दौरे पर थे। आशंका है कि वह कार भी इसी गिरोह का हिस्सा थी। फिलहाल पुलिस और बीएसएफ देर रात बड़ा खुलासा कर सकते हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
