उदयपुर में राजस्थानी गीतों की गूंज: जैन समाज की महिलाओं ने बिखेरा लोक संस्कृति का रंग, 'बोरलो' और 'पायल' की धुन पर थिरकी परंपरा

Update: 2026-03-26 14:48 GMT

 उदयपुर। झीलों की नगरी में गुरुवार की शाम राजस्थानी लोक संस्कृति के नाम रही। श्रमण भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में जैन समाज की महिलाओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से राजस्थान की समृद्ध विरासत को जीवंत कर दिया। अवसर था महावीर जैन परिषद के तत्वावधान में आयोजित 20 दिवसीय महोत्सव के तहत भव्य राजस्थानी नृत्य प्रतियोगिता का।

नृत्य और संगीत का अद्भुत संगम:

100 फीट रोड स्थित शुभ केसर गार्डन में 'भारतीय जैन संघटना लेडीज विंग' एवं 'जैन जागृति सेंटर लेडीज विंग' के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में परंपरा और उत्साह का अनूठा मेल दिखा। 'माथे साजे बोरलो' से लेकर 'चुड़ी चमके रे' और 'गोरबंध नखरालो' जैसे कालजयी राजस्थानी गीतों पर जब 20 अलग-अलग महिला समूहों ने कदमताल मिलाई, तो पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इन महिला मंडलों ने जमाया रंग:

प्रतियोगिता में प्रभा बहु मंडल, जैन जागृति महिला मंच, सुभाष नगर महिला प्रकोष्ठ, जेएसीजी प्लेटिनम, वंडर वुमन, ओसवाल क्वीन्स और त्रिशला महिला मंडल सहित 20 समूहों ने भाग लिया। किसी ने 'पल्लो लटके' पर अपनी अदाएं बिखेरीं तो किसी ने 'कालबेलिया' और 'तीज-त्योहार' के गीतों पर राजस्थानी संस्कृति का वैभव दर्शाया।

विजेताओं का सम्मान:

महावीर जैन परिषद के मुख्य संयोजक राजकुमार फत्तावत ने बताया कि निर्णायक दीपक दीक्षित व अशोक राव के निर्णय के अनुसार प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे समूहों को क्रमशः 15,000, 11,000 व 7,000 रुपये के नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम के प्रायोजक कपिल-अंजली सुराणा एवं अन्य अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी व उपरणा पहनाकर स्वागत किया गया।

  जारी रहेगी सांस्कृतिक बहार:

श्री महावीर युवा मंच संस्थान महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सोनल सिंघवी ने बताया कि महोत्सव की इसी श्रृंखला में शुक्रवार, 27 मार्च को शाम 6:30 बजे से शुभ केसर गार्डन में विभिन्न महिला संगठनों द्वारा पुनः सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

इस गरिमामयी अवसर पर कुलदीप नाहर, यशवंत आंचलिया, अरुण मांडोत, अशोक कोठारी, विजयलक्ष्मी गलुण्डिया, नितिन लोढ़ा, भूपेंद्र गजावत और प्रिया झगड़ावत सहित सकल जैन समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Similar News