आसींद तहसील परिसर में मधुमक्खियों का हमला, सात लोग घायल, मची अफरा-तफरी
आसींद (हलचल)। आसींद तहसील परिसर में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब मधुमक्खियों के एक झुंड ने अचानक वहां मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में सात लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
अचानक हमले से मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तहसील परिसर में कामकाज के सिलसिले में आए लोगों पर मधुमक्खियों का झुंड अचानक टूट पड़ा। हमले के बाद अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे, जिससे परिसर में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
ये हुए घायल
इस घटना में लाड देवी (आमदला), कैलाश जैन (आमला), भंवरलाल रेगर (आसींद), डाली देवी रेगर (आसींद), रौनक गोखरू (रघुनाथपुर) और लादू लाल गोखरू (रघुनाथपुर) सहित कुल सात लोग घायल हुए हैं।
अस्पताल में उपचार जारी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय नगरवासियों ने सक्रियता दिखाई और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आसींद पहुंचाया। चिकित्सालय में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।