सलूंबर में मौत का तांडव: 5 दिन में 5 मासूमों की जान गई, प्रशासन में मचा हड़कंप, गांवों में मेडिकल इमरजेंसी जैसे हालात .

Update: 2026-04-06 17:20 GMT

सलूंबर। जिले के लसाड़िया ब्लॉक में एक रहस्यमयी बीमारी ने कहर बरपा रखा है। पिछले 5 दिनों के भीतर तेज उल्टी, दस्त और तेज बुखार के कारण 5 मासूम बच्चों ने दम तोड़ दिया है। इस दुखद घटना के बाद घाटा और लालपुरा गांवों में मातम पसरा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को जिला कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग की भारी-भरकम टीम मौके पर पहुंची।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही उखड़ रही सांसें

मृतक बच्चों की उम्र महज 2 से 4 साल के बीच थी। परिजनों के अनुसार, बच्चों को अचानक तेज बुखार और शरीर में ऐंठन के साथ उल्टी-दस्त शुरू हुए। उन्हें आनन-फानन में धरियावद और फिर प्रतापगढ़ व उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर किया गया, लेकिन इलाज मिलने से पहले ही 2 बच्चों ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि 3 अन्य की अस्पताल में मौत हो गई।

प्रशासनिक अमला अलर्ट, घर-घर सैंपलिंग शुरू

सोमवार को जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पीपी और एसडीएम दिनेश आचार्य ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। कलेक्टर ने मेडिकल टीम को पूरे क्षेत्र में सघन सर्वे करने और हर बच्चे की स्क्रीनिंग करने के कड़े निर्देश दिए हैं। बीसीएमओ डॉ. सिंटू कुमावत के नेतृत्व में टीमें अब घर-घर जाकर ब्लड सैंपल ले रही हैं ताकि बीमारी की असल वजह का पता लगाया जा सके।

बीमारी का कारण अब भी रहस्य

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कोई घातक वायरल संक्रमण है या दूषित पानी से फैली मौसमी बीमारी। डॉक्टर रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। मरने वाले बच्चों में दीपक मीणा, सीमा, लक्ष्मण मीणा, काजल और राहुल मीणा शामिल हैं।

कैप्शन: भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Similar News