भीलवाड़ा में उमड़ेगा शिव भक्तों का सैलाब, भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन कल

Update: 2026-04-06 15:12 GMT




भीलवाड़ा, हलचल। मेवाड़ की पावन धरा धर्मनगरी भीलवाड़ा पहली बार 8 से 14 अप्रेल तक श्री शिव महापुराण कथा श्रवण कराने आ रहे प्रख्यात कथावाचक ‘कुबेर भण्डारी’ पंडित प्रदीप मिश्रा के स्वागत अभिनंदन को आतुर है। कथा श्रवण करने के लिए आने वाले लाखों भक्तों के लिए भी कथा स्थल न्यू आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउण्ड पर विशाल पांडाल तैयार हो चुका है। श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति ने सोमवार शाम कथा स्थल पर संकटमोचन हनुमान मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में आयोजित पत्रकार वार्ता में मीडिया को इन तैयारियों के बारे में जानकारी दी। समिति के अध्यक्ष भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने बताया कि भीलवाड़ावासी विराट धार्मिक आयोजन को एतिहासिक सफल बनाने के लिए आतुर है ओर हर तरह का सहयोग प्रदान कर रहे है। श्रद्धालु प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक भक्तिभाव से कथा श्रवण कर सके इसके लिए सभी जरूरी प्रबंध कर लिए गए है। पूरा आयोजन डिस्पोजेबल मुक्त रहे ऐसा लक्ष्य रखा गया है। राजस्थान व देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं आए इसके लिए आयोजन समिति के सैकड़ो कार्यकर्ता कड़ी मेहनत करने के साथ समर्पित भाव से सेवाएं दे रहे है। कार्यकर्ताओं को आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए भी अलग-अलग दायित्व सौंपे गए है। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, नगर विकास न्यास, सार्वजनिक निर्माण विभाग जैसे सभी महकमों ने भी तैयारियों में पूरा सहयोग प्रदान किया है। कथा की पूर्व संध्या मंगलवार को शाम 4 बजे से भीलवाड़ा में विशाल भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा श्रवण करने के लिए उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाउ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा सहित राज्य सरकार के कई मंत्रियों,सांसदों व विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है।

आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने बताया कि 11 लाख वर्ग फीट के मेडिसिटी ग्राउण्ड में करीब साढ़े चार लाख वर्ग फीट भूमि पर तीन विशालकाय वाटरप्रूफ डोम एवं पाइप पांडाल का निर्माण किया गया है। कथा स्थल पर प्रचण्ड गर्मी से बचाव के लिए पांडाल में कूलर पंखे, पेयजल आदि के पर्याप्त प्रबंध के साथ हर समय मेडिकल टीम एवं एम्बुलैंस भी तैनात रहेगी। कथास्थल के आसपास करीब 250 अस्थाई शौचालय तैयार किए गए है। कथा स्थल पर कई चलित शौचालय भी उपलब्ध रहेंगे।

*वाहन पार्किंग एवं आगमन निकासी के लिए विशेष प्रबंध*

आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया ने बताया कि कथा सुनने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन पार्किंग एवं आगमन निकासी को लेकर विशेष प्रबंध किए गए है। कथा स्थल से जुड़े सभी प्रमुख मार्गो पर पुलिस प्रशासन द्वारा वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीआईपी एवं मीडियाकर्मियों के लिए अलग अलग बॉक्स का निर्माण किया गया है जिनमें आयोजन समिति द्वारा जारी पास के माध्यम से ही प्रवेश मिलेगा। श्रद्धालुओं के आगमन एवं निकासी के लिए भी विभिन्न दिशाओं में अलग-अलग द्वार बनाए गए है। कथा के दौरान कानून व्यवस्था ओर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल का पुख्ता प्रबंध रहेगा लेकिन फिर भी श्रद्धालु विशेषकर महिलाओं से अपील रहेगी कि भीड़ में कीमती आभूषण पहन कर आने से बचा जाए।

*भव्य कलश शोभायात्रा से बहेगी भक्ति की धारा*

कथा शुभारंभ की पूर्व संध्या पर शहर के राजेन्द्र मार्ग स्कूल ग्राउण्ड से 7 अप्रेल मंगलवार शाम 4 बजे से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। महन्त बाबूगिरीजी महाराज के साथ महामंडलेश्वर एवं संतों का सानिध्य मिलेगा। शोभायात्रा में हजारों महिलाएं मातृशक्ति के रूप में चुंदड़ ओढ़ सिर पर मंगल कलश धारण करके चलेगी तो भक्तगण सिर पर साफा बांध सफेद कुर्ता पायजामा पहने हुए शामिल रहेंगे। शोभायात्रा में ढाले नगाड़ो व बैण्डबाजों के साथ हाथी,धोड़े,बग्गी आदि का भव्य लवाजमा रहेगा। शोभायात्रा राजेन्द्र मार्ग स्कूल से प्रारंभ होकर राजेन्द्र मार्ग रोड, लक्ष्मीनारायण मंदिर मार्ग, मुरली विलास रोड, अम्बेड़कर सर्किल, गोल प्याउ चौराहा, बालाजी मार्केट, सूचना केन्द्र चौराहा होते हुए पेच एरिया, नेताजी सुभाष मार्केट, संकटमोचन हनुमान मंदिर होते हुए पुनः राजेन्द्र मार्ग स्कूल पहुंच सम्पन्न होगी।

*कथा में मिलेगा महामंडलेश्वर एवं संतों का सानिध्य*

श्री शिव महापुराण कथा के दौरान 13 अप्रेल को महंतों एवं संतो के लिए विशाल भण्डारे का आयोजन होगा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष मां मंशादेवी मंदिर हरिद्धार के अध्यक्ष व श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा मायापुर हरिद्धार के सचिव महन्त रविन्द्रपुरी महाराज के सानिध्य में होने वाले भण्डारे में देश के विभिन्न क्षेत्रों से कई प्रमुख महामंडलेश्वरों व संतों के साथ ही पंच परमेश्वर पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा हरिद्धार से कई महन्त आदि शामिल होंगे।

*प्रतिदिन दोनों समय बीस-बीस हजार श्रद्धालुओं के लिए बनेगा भोजन*

कथा में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पन्नाधाय सर्किल के नजदीक भोजनशाला तैयार की गई है। यहां ईंट व मिट्टी से 12 भट्टियां तैयारियां की गई है। कॉमर्शियल एलपीजी सिलेण्डर की कमी के चलते इन भट्टियों में ईंधन के रूप में लकड़ी का उपयोग ही प्रमुखता से होगा। प्रतिदिन सुबह-शाम करीब 20-20 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन का प्रबंध किया जा रहा है। भोजन में पथमेड़ा गोशाला से मंगाया शुद्ध घी उपयोग में आएगा। पत्रकार वार्ता में समिति के संयोजक गजांनद बजाज, सह संयोजक सत्येन्द्र बिरला, महासचिव पीयूष डाड, कन्हैेयालाल स्वर्णकार, सचिव ललित सोमानी आदि मंचासीन थे। संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया। आभार मीडिया प्रभारी निलेश कांठेड़ एवं सह मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र कोठारी ने व्यक्त किया।

*निलेश कांठेड़*

मीडिया प्रभारी

श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति,भीलवाड़ा

Similar News