कलेक्टर सख्त: भीलवाड़ा में 4406 परिवारों को सरेंडर करना होगा LPG कनेक्शन, PNG विस्तार को लेकर जारी किए कड़े निर्देश
भीलवाड़ा। शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के बढ़ते दायरे और इसकी उपयोगिता को लेकर जिला प्रशासन अब सख्त रुख अख्तियार कर रहा है। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने सोमवार को समीक्षा बैठक के दौरान साफ किया कि जो परिवार पीएनजी का उपयोग कर रहे हैं या जिनके घर तक लाइन पहुँच चुकी है, उन्हें अपना एलपीजी कनेक्शन तुरंत सरेंडर करना होगा।
हजारों घरों में कनेक्शन तैयार, लेकिन अटका है काम
समीक्षा में सामने आया कि शहर के 2842 परिवार वर्तमान में पीएनजी का आनंद ले रहे हैं, लेकिन नियमों के विरुद्ध उन्होंने अब तक अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर नहीं किया है। वहीं, 1564 परिवार ऐसे हैं जिनके किचन तक अडानी गैस ने पाइपलाइन पहुंचा दी है, मगर एलपीजी मोह के कारण वहां गैस की सप्लाई शुरू नहीं हो पा रही है। कलेक्टर ने इन सभी 4406 मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एलपीजी सेल्स ऑफिसर्स को सौंपी सूची
जिला कलेक्टर ने एलपीजी सेल्स ऑफिसर्स को उपभोक्ताओं की सूची सौंपते हुए कार्ययोजना बनाकर कनेक्शन सरेंडर करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएनजी एक सुरक्षित, स्वच्छ और किफायती ईंधन है, जिसे प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
जन-जागरूकता के लिए चलेंगे ऑटो टिपर
बैठक में जिला रसद अधिकारी ने बताया कि शहर की औद्योगिक इकाइयों, होटलों और रेस्टोरेंट्स में भी पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। आमजन को जागरूक करने के लिए नगर निगम के कचरा संग्रहण वाले ऑटो टिपर्स के माध्यम से मुनादी करवाई जाएगी और पीएनजी के फायदों के बारे में बताया जाएगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
