अरनोद में फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार, नकली वर्दी पहनकर की थी शिक्षिका से शादी

Update: 2026-01-26 17:52 GMT


प्रतापगढ़। अरनोद थाना पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो खुद को पुलिसकर्मी बताकर आमजन और दुकानदारों पर रौब जमाता था। आरोपी ने नकली पहचान के सहारे न केवल लोगों को गुमराह किया बल्कि एक सेकेंड ग्रेड शिक्षिका से विवाह भी कर लिया। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्त अरनोद के पुलिस उप अधीक्षक के सुपरविजन में की गई।

पुलिस के अनुसार 24 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरनोद कस्बे में एक युवक लंबे समय से खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को भ्रमित कर रहा है। सूचना के बाद हेड कांस्टेबल पंकज कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम जब बस स्टैंड स्थित एक हेयर सैलून पर पहुंची तो दुकानदार ने युवक को जय हिंद कहकर संबोधित किया और बताया कि वह पुलिस में है।

पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो उसने खुद को राजस्थान पुलिस में कार्यरत बताया और मोबाइल फोन में पुलिस वर्दी पहने अपनी तस्वीरें दिखाईं। जांच के लिए जब पुलिस लाइन प्रतापगढ़ से संपर्क किया गया तो सामने आया कि इस नाम का कोई भी व्यक्ति विभाग में कार्यरत नहीं है। इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उमेश डामोर उम्र 23 वर्ष निवासी पीपलखूंट बताया और स्वीकार किया कि उसने शादी करने के उद्देश्य से फर्जी पुलिस वर्दी बनवाई थी। उसी वर्दी में फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर डाली गई थीं, जिनके आधार पर उसने एक शिक्षिका से विवाह किया। आरोपी ने यह भी माना कि वह कई जगह खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को प्रभावित करता था और हेयर सैलून में मुफ्त बाल कटवाने जैसी सुविधाएं भी इसी बहाने लेता था।

पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से पुलिस वर्दी में खिंचवाई गई कई तस्वीरें बरामद की हैं और उसकी निशानदेही पर फर्जी वर्दी भी जब्त कर ली गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

ऐसी ही जनहित से जुड़ी खबरों से जुड़े रहने और समाचार पाने के लिए भीलवाड़ा हलचल के साथ जुड़े रहें।

भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - bhilwarahalchal@gmail.com

व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाड़ा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाड़ा

Similar News