फर्जी पते पर नाम जुड़वाने का खेल: आरजिया ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग

Update: 2026-02-26 14:23 GMT

 भीलवाड़ा। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम पंचायत आरजिया के ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को एक शिकायती पत्र सौंपकर मतदाता सूची में फर्जी तरीके से नाम जुड़वाने के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पड़ोसी ग्राम पंचायत गुढ़ा के निवासी कुछ लोग राजनीतिक दबाव और दस्तावेजों में हेरफेर कर आरजिया पंचायत की मतदाता सूची में अपने नाम जुड़वा रहे हैं।

दस्तावेजों में हेरफेर और फर्जीवाड़े का आरोप

जिला कलेक्टर को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में आरजिया पंचायत के पुनर्गठन के बाद कुछ गांव गुढ़ा पंचायत में शामिल किए गए हैं, जिनमें कीर खेड़ा भी शामिल है। आरोप है कि कीर खेड़ा निवासी शरद सिंह, गायत्री कंवर, धर्मेंद्र कीर और रेखा कीर वर्तमान में गुढ़ा पंचायत के राजस्व ग्राम के खसरा नंबर 142 में निवास कर रहे हैं। इन व्यक्तियों ने कथित तौर पर आधार कार्ड में पता बदलकर और फर्जी किरायानामा तैयार करवाकर आरजिया पंचायत में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया शुरू की है।

राजनीतिक दबाव बनाकर अनुकूल टिप्पणी लिखवा ली

समस्त ग्रामवासी आरजिया की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि इन व्यक्तियों ने राजनीतिक दबाव बनाकर पटवारी से अनुकूल टिप्पणी लिखवा ली है। हालांकि, बीएलओ (BLO) को वास्तविकता का पता होने के कारण उन्होंने नाम जोड़ने से मना कर दिया था क्योंकि उक्त व्यक्ति बताए गए पते पर निवास नहीं करते हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर को साक्ष्य के तौर पर दोनों पंचायतों की पुरानी वोटिंग लिस्ट भी सौंपी है, जिसमें इनके नाम पहले से गुढ़ा पंचायत में दर्ज होने का दावा किया गया है।

उचित पंचायत में नाम रखने की मांग

ग्रामीणों ने मांग की है कि चूंकि ये लोग वर्तमान में कीर खेड़ा (गुढ़ा पंचायत) के ही निवासी हैं, इसलिए इनके नाम आरजिया पंचायत में न जोड़कर गुढ़ा में ही यथावत रखे जाएं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है। इस दौरान बड़ी संख्या में आरजिया के ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Similar News