नणंद-भौजाई महिला मंडल ने मनाया भव्य फाग महोत्सव: चारभुजा नाथ संग खेली फूलों की होली

Update: 2026-02-28 12:29 GMT

 भीलवाड़ा हलचल। फाल्गुन मास की मस्ती और श्याम भक्ति के रंग में सराबोर होकर 'नणंद-भौजाई महिला मंडल' द्वारा शहर के प्रसिद्ध चारभुजा नाथ बड़े मंदिर में फूलों के संग फाग महोत्सव का हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालु महिलाओं ने ठाकुरजी के साथ फूलों की होली खेलकर फाल्गुन के आनंद को दोगुना कर दिया।

गणेश वंदना से हुई उत्सव की शुरुआत

मंडल की साधना बाहेती ने जानकारी देते हुए बताया कि फाग महोत्सव का शुभारंभ पारंपरिक गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात भजन गायिकी का दौर शुरू हुआ, जिसमें 'होली खेल रहे बांके बिहारी रे', 'आज रंग बरस रहा', 'फागण आयो रे-म्हाने खाटू बुलायो रे', और 'आज बिरज में होली रे रसिया' जैसे सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। भक्ति रस में डूबी महिलाओं ने राधा-कृष्ण का रूप धरे मंडल सदस्यों के साथ जमकर नृत्य किया।

फूलों की वर्षा और अबीर-गुलाल से महका मंदिर

कान्हा और खाटू श्याम के जयकारों के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा की और अबीर-गुलाल उड़ाकर उत्सव की खुशियां बांटी। मंदिर परिसर को फाल्गुनी रंगों और फूलों से विशेष रूप से सजाया गया था। इस दौरान मधु लाहोटी व ज्योति चेचाणी ने 'राधा' तथा सीमा लढ़ा व मोनिका डाड ने 'कृष्ण' का रूप धरकर सभी का मन मोह लिया।

इनकी रही गरिमामय उपस्थिति

इस आनंदमयी उत्सव में मंडल की रतनदेवी काबरा, आराधना पोरवाल, बबीता काबरा, संगीता काबरा, लीला काबरा, सीमा लढ़ा, विधा पोरवाल, लाड़ बियाणी, शकुंतला अजमेरा, निर्मला अजमेरा, सूरज काबरा, आशा काबरा, चन्दा मुंदड़ा, द्वारिका गग्गड़ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में भगवान की आरती के पश्चात सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। मंडल सदस्यों ने बताया कि इस वार्षिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और भक्ति भाव को बढ़ावा देना है।

Similar News