पोटला मॉडल स्कूल में शुरू हुआ 'प्रवेशोत्सव': अब ऑनलाइन आवेदन से संवरेगा नौनिहालों का भविष्य
पोटला (भीलवाड़ा) । क्षेत्र के शिक्षा जगत में अग्रणी और आधुनिक सुविधाओं से लैस स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय, पोटला ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश का शंखनाद कर दिया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नवरत्न मल बैरवा ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के दिशा-निर्देशानुसार कक्षा 01 से 05, 06 se 08 और कक्षा 09 में रिक्त सीटों पर प्रवेश की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।
उन्होंने विशेष रूप से सूचित किया कि आधुनिकता की ओर कदम बढ़ाते हुए इस वर्ष प्रवेश हेतु आवेदन पत्र केवल ऑनलाइन माध्यम से विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.svgmssahara.com के माध्यम से ही भरे जाएंगे। इच्छुक अभिभावक 06 मार्च 2026 से 16 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करने के उपरांत, आवेदन की हार्ड कॉपी एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ विद्यालय के कार्य दिवसों में कार्यालय में उपस्थित होकर फॉर्म जमा करा सकते हैं। विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए श्री बैरवा ने बताया कि यह संस्थान ग्रामीण अंचल के बच्चों को पूर्णतः अंग्रेजी माध्यम में सीबीएसई (CBSE) पाठ्यक्रम आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए समर्पित है। विद्यालय का परिसर अत्याधुनिक संसाधनों का संगम है, जहाँ विद्यार्थियों के लिए विशाल एवं सुसज्जित पुस्तकालय, भौतिक, रसायन एवं जीव विज्ञान की आधुनिक प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब और स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा उपलब्ध है।
साथ ही, अनुभवी विषय विशेषज्ञों की टीम विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करती है और खेलकूद के बेहतरीन मैदान उनके शारीरिक और मानसिक सर्वांगीण विकास को नई दिशा देते हैं। प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 1 के लिए विद्यार्थी की आयु 31 मार्च 2026 तक 6 वर्ष से 7 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। प्राप्त आवेदनों के आधार पर 19 मार्च को सूची का निर्धारण किया जाएगा और निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन होने पर 23 मार्च 2026 को पारदर्शी तरीके से लॉटरी निकाली जाएगी। कक्षा 9 के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन 18 मार्च को होगा और परिणाम 23 मार्च को घोषित किया जाएगा। सफल विद्यार्थियों के प्रवेश फॉर्म भरने की प्रक्रिया 25 से 30 मार्च तक चलेगी, जिसके पश्चात 01 अप्रैल 2026 से नवीन शैक्षणिक सत्र का विधिवत संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का प्रतीक्षा किए बिना समय रहते वेबसाइट www.svgmssahara.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण करें।