पंडेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब जा रहे ट्रक से 15 लाख का डोडा चूरा जब्त, चालक गिरफ्तार
भीलवाड़ा । जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पंडेर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें छिपाकर ले जाया जा रहा 99.5 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है।
नीमच से पंजाब की ओर जा रहा था खेप
पंडेर थाना प्रभारी कमलेश मीणा ने बताया कि इलाके में सघन नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान मध्य प्रदेश के नीमच की ओर से आ रहे एक ट्रक को संदेह के आधार पर रुकवाया गया। ट्रक की गहन तलाशी लेने पर उसमें चार कट्टों में भरा हुआ करीब एक क्विंटल (99.5 किलो) डोडा चूरा मिला। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ सहित ट्रक को जब्त कर लिया।
पटियाला निवासी चालक गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रक चालक करनपाल सिंह उर्फ गगन, निवासी पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह खेप नीमच से पंजाब ले जाई जा रही थी। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं का पता लगाने में जुटी है कि यह माल कहां से लाया गया था और पंजाब में किसे सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों के अनुसार, तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।