धूमड़ास में श्री रामकृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ: बन्नी के देवनारायण मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, मनमोहक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
आकोला (रमेश चंद्र डाड)। श्री रामकृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ, बानोड़ा बालाजी के तत्वावधान में सनातन संस्कृति की अलख जगाने हेतु देश भ्रमण पर निकला 'दिव्य राम रथ' इन दिनों धूमड़ास गांव के बन्नी के देवनारायण स्थान पर ठहरा हुआ है। असंख्य यज्ञ करने के महान लक्ष्य के साथ संचालित इस दिव्य यात्रा के अंतर्गत यहाँ भव्य महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
19 यजमानों ने दी आहुतियां
बीती 1 तारीख से शुरू हुए इस महायज्ञ के तीसरे दिन भक्तिमय माहौल देखने को मिला। यज्ञशाला में 19 यजमानों ने सजोड़े बैठकर विश्व शांति और जन कल्याण की भावना के साथ पवित्र अग्नि में आहुतियां अर्पित कीं। यह पूरा आयोजन बानोड़ा बालाजी के पंडित कैलाश तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है, जिनके निर्देशन में दिव्य राम रथ निरंतर देश के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर रहा है।
चारभुजा नाथ और यज्ञ लक्ष्मी का होगा विवाह
इस महायज्ञ की एक अनूठी परंपरा यह है कि इसमें आसपास के गांवों के चारभुजा नाथ को 'पावणा' (अतिथि) के रूप में आमंत्रित किया जाता है। यज्ञ की पूर्णाहुति के दिन यज्ञ लक्ष्मी का विवाह भगवान चारभुजा नाथ के साथ पूरे विधि-विधान और धूमधाम से संपन्न कराया जाएगा।
आकर्षक झांकियां और भजन संध्या
यज्ञ स्थल पर देवी-देवताओं की सजीव और मनमोहक इलेक्ट्रिक झांकियां सजाई गई हैं, जो आने वाले भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। साथ ही, प्रतिदिन रात्रि में प्रदेश के प्रख्यात भजन गायकों द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इन भजनों को सुनने और धर्म लाभ लेने के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
