फागोत्सव में भक्ति और शक्ति का संगम, रैंप पर महिलाओं ने दिखाया आत्मविश्वास
भीलवाड़ा । शहर की एक निजी वाटिका में 'हमराही ग्रुप' की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और फागोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और भक्ति की त्रिवेणी बही, जिसमें शहर की सैंकड़ों महिलाओं ने शिरकत कर उत्सव का आनंद लिया।
रैंप पर बिखरा नारी शक्ति का जलवा
कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं के शानदार 'कैटवॉक' से हुई। पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाओं ने जब रैंप पर कदम रखे, तो उनके आत्मविश्वास और संयम को देखकर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। ग्रुप की संरक्षिका रूपा परसरामपुरिया व निर्मला बरकतिया ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की छिपी हुई प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान करना था।
फूलों की होली और भजनों की बयार
ग्रुप अध्यक्ष आशा रामावत के अनुसार, उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण जयपुर से आए राधा-कृष्ण के स्वरूप रहे। भगवान की आरती और स्वागत के बाद फूलों की होली खेली गई, जिससे पूरा वातावरण वृंदावनमय हो गया। भजन गायक नरेंद्र ठमका और अन्य कलाकारों की मधुर धुनों पर हर उम्र की महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को फाग की बधाई दी।
गणमान्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर परिषद की पूर्व सभापति मधु जाजू और राधिका पारीक बतौर विशेष अतिथि उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं के इस एकजुट प्रयास और उनकी ऊर्जा की मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन और कोरियोग्राफी विक्रांत अमरवाल द्वारा की गई।
इनका रहा विशेष सहयोग
आयोजन को सफल बनाने में संयोजिका मोना शर्मा, शशि अग्रवाल, मीता पारिक और शर्मिला रामावत का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर डॉ. संगीता काबरा, विमला झंवर, गीता मूंदड़ा, हंसा समदानी, मंजू डूंगरपुरिया, सहित शहर की अनेक गणमान्य महिलाएं उपस्थित थीं। अंत में वृंदावन से आईं पिंकल सोनी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
