साहस की मिसाल: गंगापुर में लेपर्ड के हमले से भिड़ी महिला, दांतली से वार कर बचाई जान
गंगापुर (हलचल)। उपखंड क्षेत्र की आमली ग्राम पंचायत के बालाजी नगर में आज सुबह एक महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पैंथर (लेपर्ड) के हमले को नाकाम कर दिया। 40 वर्षीय समता पत्नी किशन लाल जाट अपने खेत की ओर जा रही थीं, तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे लेपर्ड ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।
दांतली से किया पलटवार, शोर सुनकर भागे ग्रामीण
अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय समता ने हिम्मत दिखाई। उनके हाथ में फसल काटने की दांतली थी, जिससे उन्होंने लेपर्ड पर जोरदार वार किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठियां लेकर मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भारी भीड़ और शोर-शराबा देखकर पैंथर घबरा गया और जंगल की ओर भाग निकला।
घायल महिला का उपचार जारी, हालत स्थिर
घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में ग्रामीणों ने समता को आमली के स्थानीय चिकित्सालय पहुँचाया। डॉक्टरों के अनुसार, हमले में महिला के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं, लेकिन समय पर उपचार मिलने के कारण उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है।
इस घटना के बाद से ही बालाजी नगर और आसपास के इलाकों में पैंथर की दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाकर पैंथर को पकड़ने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
