रंग गुलाल और जयकारों के बीच मेला ग्राउंड पहुंचे ठाकुरजी, भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब
आकोला (रमेश चंद्र डाड)
बरूदनी कस्बे में फूलडोल महोत्सव के तहत ठाकुरजी का भव्य नगर भ्रमण श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाला गया। जहां पुजारी महावीर वैष्णव ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती की। आरती के दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इसके बाद मेला ग्राउंड में भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत गायक युवराज वैष्णव ने गणेश वंदना से की और अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। उन्होंने “ठाकुर कालां पर गणा रुपाला बरूदनी का श्याम” भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
उदयपुर से आई गायिका तृषा सुथार ने “मारी किस्मत ने सांवरिया बदल दो” सहित लक्ष्मीनाथ भगवान और सांवरिया सेठ के कई भजन प्रस्तुत किए। वहीं दुर्गा मीणा और दिनेश राठौड़ ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन-कीर्तन का दौर देर रात तक चलता रहा और श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
मेले में रही रौनक
मेला ग्राउंड में लगे मेले में भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही। बच्चों और युवाओं ने झूला-चकरी का आनंद लिया, वहीं खिलौनों और खान-पान की दुकानों पर भी दिनभर चहल-पहल बनी रही।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन अधिकारी सत्य नारायण वैष्णव, बरूदनी चौकी इंचार्ज मीठा लाल मीणा और रवि कुमार चौधरी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे और पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व व्यवस्था संभाली।
अंत में लक्ष्मीनाथ फूलडोल मंडल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों, प्रशासन और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
