भीलवाड़ा में बिखरे 'बाबूजी' नाटक के रंग: राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल की प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन

Update: 2026-03-14 18:29 GMT


भीलवाड़ा। रसधारा सांस्कृतिक संस्थान, जिला प्रशासन और लायंस क्लब भीलवाड़ा स्टार के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित नाट्य महोत्सव का समापन ऐतिहासिक रहा। संस्कृति मंत्रालय (भारत सरकार) के सौजन्य से 'रंग राजस्थान रंग रथ यात्रा' के भीलवाड़ा पड़ाव के अंतिम दिन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) रंगमंडल ने महाराणा प्रताप सभागार में नाटक 'बाबूजी' का भव्य मंचन किया।

नौटंकी शैली में कलाकारों का संघर्ष और समाज का दर्पण

मिथिलेश्वर द्वारा लिखित और विभांशु वैभव द्वारा रूपांतरित इस नाटक का निर्देशन रंगमंडल के प्रमुख राजेश सिंह ने किया। उत्तर भारत की लोकप्रिय 'नौटंकी' शैली में प्रस्तुत यह संगीतमय नाटक एक कलाकार के संघर्षमय जीवन और उसके प्रति रूढ़िवादी समाज के नजरिए को बखूबी बयां करता है। बता दें कि इस नाटक की धूम केवल भारत ही नहीं, बल्कि रूस, सिंगापुर, नेपाल और श्रीलंका तक फैली हुई है।

अतिथियों ने किया दीप प्रज्वलन, कलाकारों का हुआ संवाद

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तिलोक छाबड़ा, गोपाल बच्छ, दिनेश कोठारी, अभिषेक खजानचि, विनोद सिंघवी और अजय अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन कर किया। समापन दिवस पर रसधारा और रंगमंडल के कलाकारों के बीच एक विशेष संवाद सत्र भी हुआ, जिसमें रंगमंडल के कलाकारों ने अपने अभिनय के अनुभव और सुर अभ्यास की बारीकियां साझा कीं। यह आयोजन रंगमंडल के 60 वर्ष पूर्ण होने पर मनाए जा रहे 'रंग षष्ठी' उत्सव का हिस्सा था।

इन कलाकारों ने सजाया मंच

नाटक में मुख्य भूमिका निर्देशक राजेश सिंह ने निभाई। उनके साथ शिव प्रसाद गोंड, पूजा गुप्ता, मजीबुर रहमान, शिल्पा भारती, अनंत शर्मा सहित 20 से अधिक कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में सभी कलाकारों का स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया गया। शहर में रसधारा संस्थान के प्रयासों से अब नाट्य कला के प्रति आमजन का रुझान तेजी से बढ़ रहा है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455

Similar News