अनिद्रा की बीमारी का इलाज है भागवत कथा: मोबाइल की लत ने छीनी युवाओं की नींद
भीलवाड़ा। शहर से 17 किलोमीटर दूर स्थित नौगांवा सांवरिया सेठ का पावन धाम शुक्रवार को पूर्णतः भक्ति के रंग में सरोबार नजर आया। अवसर था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में परम पूज्य माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान एवं श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित 'श्रीमद् भागवत समरसता महोत्सव' के भव्य आगाज का।
501 कलशों के साथ उतरी देवलोक की छटा:
महोत्सव का प्रारंभ सुबह गांव के चारभुजा मंदिर से ठाकुर जी के बेवाण की रवानगी के साथ हुआ। माधव गोशाला अध्यक्ष डीपी अग्रवाल एवं मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडानी ने बताया कि बैंड-बाजे की मधुर स्वर लहरियों और 'जय कन्हैया लाल की' के उद्घोष के बीच 501 सौभाग्यवती महिलाओं ने मंगल कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई। नौगांवा की गलियों में ग्रामीणों ने पलक-पावड़े बिछाकर पुष्प वर्षा के साथ इस आध्यात्मिक कारवां का आत्मीय स्वागत किया।
मोबाइल के उन्माद से बचें युवा: गोवत्स राधाकृष्ण
दोपहर 1 बजे व्यासपीठ पर विराजित प्रख्यात संत गोवत्स राधाकृष्ण ने आधुनिक जीवनशैली की विसंगतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने युवाओं की गिरती सेहत और मानसिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा, "आज का युवा रात के दो-दो बजे तक मोबाइल में डूबा रहता है। जैसे माँ बच्चे को कलेजे से लगाकर सोती है, आज का युवा मोबाइल को सीने से लगाकर सोता है। यही कारण है कि 'अनिद्रा' आज के युवाओं की सबसे बड़ी बीमारी बन गई है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि मनोरंजन केवल मस्तिष्क का उन्माद है, जबकि भागवत कथा आत्मा का वास्तविक भोजन है। महाराज श्री ने कहा कि करोड़ों की फिल्म दो-तीन बार में फीकी पड़ जाती है, लेकिन भागवत कथा 20 साल बाद भी नई ताजगी प्रदान करती है। उन्होंने माधव गोशाला की पवित्रता को देखते हुए इसे 'गोधाम' की संज्ञा दी।
प्रदर्शनी और व्यवस्थाएं रही खास:
संस्थान की रसायनशाला में पिछले 23 वर्षों की गो-संरक्षण यात्रा को दर्शाती छायाचित्र प्रदर्शनी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। संयोजक मनीष बहेड़िया एवं सोहनलाल गहलोत के अनुसार, पहले ही दिन भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं के लिए रामधाम से निशुल्क बस सेवा और कथा स्थल पर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम का संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया।
इन विभूतियों ने लिया आशीर्वाद:
व्यासपीठ पूजन के दौरान संत रामस्वरूप (बांसवाड़ा), संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भाई, नंदलाल भाई, प्रकाश भाई, प्रांत कार्यवाह डॉ. शंकर लाल माली, जिला कार्यवाह सत्यनारायण कुमावत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, मुकुट बिहारी बहेड़िया, भंवरलाल दरगड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने महाराज श्री का वंदन किया।
कुमुद विहार में होगी भजन संध्या:
महोत्सव के क्रम में शनिवार (चैत्र शुक्ल दशमी) को सायंकाल 7:30 बजे से फ्लोरा पार्क के सामने, कुमुद विहार-1 में भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जहाँ गोवत्स संत राधाकृष्ण महाराज भजनों की रसधार बहाएंगे।
