श्री बाबाधाम में कन्या पूजन और महाआरती के साथ नवरात्रि संपन्न
भीलवाड़ा। शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री बाबाधाम में चैत्र नवरात्रि महोत्सव का शुक्रवार को भक्तिमय समापन हुआ। 19 मार्च से शुरू हुए इस नौ दिवसीय अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में पूरे नौ दिन विशेष विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगे फूलों से दरबार सजाया गया।
अष्टधातु की प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र:
नवरात्रि के दौरान यज्ञ शाला में माताजी की अष्टधातु की विशेष मूर्ति की घट स्थापना की गई थी। नौ दिनों तक इसी प्रतिमा के सम्मुख आहुतियां दी गईं। इस दुर्लभ प्रतिमा के दर्शन के लिए भक्तों में भारी उत्साह देखा गया और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माता रानी की छवि को अपने कैमरों में कैद किया।
कन्या पूजन और महाप्रसादी:
नवमी के पावन अवसर पर हवन और पूर्णाहुति के पश्चात भव्य कन्या पूजन का आयोजन हुआ। अध्यक्ष विनीत अग्रवाल ने स्वयं कन्याओं के पैर पखारे, तिलक लगाया और उन्हें चुनरी ओढ़ाकर फल भेंट किए। इसके बाद कन्याओं को आदरपूर्वक भोजन प्रसादी करवाई गई। इस अवसर पर कई राजनेताओं, समाजसेवियों और धर्मप्रेमियों ने माताजी की प्रसादी ग्रहण की।
हजारों भक्तों ने लिया 'तलवार के झाड़े' का लाभ:
महोत्सव का समापन सायंकाल 7:15 बजे भव्य महाआरती के साथ हुआ। इसके पश्चात बाबाधाम की परंपरा के अनुसार तलवार का झाड़ा लगाया गया, जिसमें हजारों की संख्या में नर-नारियों ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और कष्टों के निवारण हेतु भाग लिया। "जय माता दी" के गगनभेदी जयघोष से समूचा वातावरण गुंजायमान हो उठा।