विद्यार्थियों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित
चित्तौड़गढ़। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को महावीर इंटरनेशनल नेत्र चिकित्सालय द्वारा अपने 212वें निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर के तहत दिवाकर पब्लिक स्कूल गांधीनगर तथा महावीर उप्रावि सदर बाजार के विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए एक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 150 विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण किया गया तथा उन्हें उचित परामर्श देकर आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। जांच के दौरान 13 विद्यार्थियों की दृष्टि कमजोर पाई गई, जिन्हें आगे की विस्तृत जांच के लिए महावीर इंटरनेशनल नेत्र चिकित्सालय चित्तौड़गढ़ में रेफर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रोशन चिप्पड़, मनीष छाजेड, सी.एम. रांका, बसंती लाल मेहता तथा रतन संजेती द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर शाला प्रधान प्रियंका पुरोहित, कविता शर्मा सहित अन्य अध्यापिकाएँ भी उपस्थित रहीं। शाला परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं मेडिकल टीम का अभिनंदन किया गया तथा इस निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर के आयोजन के लिए महावीर इंटरनेशनल के प्रति आभार व्यक्त किया गया।