जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो 17 सितंबर से प्रदेश में एक बार फिर झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा। बता दें कि अभी प्रदेश में मानसून की बारिश का दौर थम हुआ है।
दरअसल, पूर्वी हवाओं के कमजोर होने के साथ ही पश्चिम से आने वाली हवा अब तेज होने लगी हैं। ऐसे में प्रदेश में मौसम ड्राई होने लगा है। मौसम विभाग ने भी आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। ऐसे में तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ने की संभावना है।
जानें आज से 6 दिन कैसा रहेगा मौसम?
अभी प्रदेश में बारिश का दौर थम चुका है। ऐसे में प्रदेश के अधिकांश भागों में आने वाले दिनों में पश्चिमी हवाएं प्रभावित होने और बारिश की गतिविधियों में कमी होगी। जिसके चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश भागों में आज से 6 दिन तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग की मानें तो नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने से राजस्थान में एक बार फिर मौसम बदलेगा। जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश होने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक दक्षिणी-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 17 सितंबर से मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना है।