सहकारी कर्मचारियों की हुंकार: 23 को भीलवाड़ा में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन, ढोल बजाकर करेंगे प्रदर्शन
भीलवाड़ा। राजस्थान सहकारी कर्मचारी विकास मंच (जयपुर) की जिला इकाई, भीलवाड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक आज हरणी महादेव परिसर में आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष सत्यनारायण तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में सहकारी कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंका गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 23 मार्च को हरणी महादेव में विशाल प्रदेश स्तरीय सहकारिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की है।
आंदोलन की रूपरेखा:
कलेक्टर को ज्ञापन: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे सहकारी कर्मचारी अपनी लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण हेतु जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
ढोल बजाकर विरोध: ज्ञापन देने के पश्चात दोपहर 12 बजे केंद्रीय सहकारी बैंक के समीप स्थित सूचना केंद्र चौराहे पर एकत्रित होकर 'ढोल बजाओ' प्रदर्शन किया जाएगा। इसके माध्यम से सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष तिवारी ने बताया कि सहकारी कर्मचारी वर्षों से अपनी वाजिब मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। सम्मेलन में प्रदेशभर के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
