मुख्य सचिव ने स्वरूपगंज से किया ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान’ का शंखनाद

Update: 2026-03-20 11:01 GMT

भीलवाड़ा । राज्य के मुख्य सचिव श्री वी श्रीनिवास ने शुक्रवार को भीलवाड़ा प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत स्वरूपगंज में आयोजित प्रथम ग्राम सभा में शिरकत कर “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान” का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने राजीविका स्टॉल का अवलोकन कर महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की सराहना की।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री के “विकसित भारत 2047” के विजन को धरातल पर उतारने की एक अहम कड़ी है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दूरदर्शी कदम बताते हुए कहा कि इसका लक्ष्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का समग्र विकास करना है।

2047 तक का बनेगा रोडमैप

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि 19 मार्च से 15 मई तक चलने वाले इस अभियान में ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर जनभागीदारी से विकास योजनाएं बनेंगी। इसमें GIS आधारित प्लानिंग के जरिए 2030, 2035 और 2047 तक के लिए अल्पकालीन और दीर्घकालीन लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे। पेयजल, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का विस्तृत आकलन कर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मास्टर प्लान तैयार होगा।

औद्योगिक विकास पर जोर

उन्होंने भीलवाड़ा के टेक्सटाइल और स्पिनिंग सेक्टर को और मजबूत करने की बात कही। जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने बताया कि संसाधनों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर चरणबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम में एडीएम (प्रशासन) रणजीत सिंह, एडीएम (शहर) प्रतिभा देवटिया, सीईओ जिला परिषद चंद्रभान सिंह भाटी सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News