भीलवाड़ा में बलाई समाज के 27 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

Update: 2026-02-21 14:16 GMT

 भीलवाड़ा। भीलवाड़ा की धरती पर बलाई मेघवंशी समाज ने एकजुटता और संगठन शक्ति का एक नया इतिहास रचा है। प्रथम सामूहिक विवाह सम्मेलन और समाज के छात्रावास उद्घाटन समारोह ने एक स्वर्णिम अध्याय लिख दिया है। कार्यक्रम का शुभारंभ अखिल भारतीय बलाई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक बाबूलाल बच्छेर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रवक्ता प्रकाश मेघवंशी ने बताया कि छात्रावास मैदान में आयोजित इस महाकुंभ में 50 हजार से अधिक समाजबंधुओं की उपस्थिति रही। समारोह में तुलसी विवाह सहित 27 वर-वधुओं ने संपूर्ण विधि-विधान के साथ सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन में प्रवेश किया। इसी के साथ नवनिर्मित बलाई समाज छात्रावास का उद्घाटन भी किया गया, जो समाज के विद्यार्थियों के शैक्षणिक उत्थान के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।

इस आयोजन की भव्यता में समाज के भामाशाहों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने मुक्त हस्त से सहयोग किया। छात्रावास कमेटी संरक्षक सुशीला सालवी, अध्यक्ष भंवर बलाई, सम्मेलन अध्यक्ष मिश्री लाल बलाई,  आशा मेघवंशी, रोशन मेघवंशी सहित पूरी टीम के अथक प्रयासों से भोजन व्यवस्था से लेकर मंच संचालन तक का कार्य अनुशासित रूप से संपन्न हुआ। इस सफल आयोजन ने सामाजिक समरसता और युवा शक्ति का अद्भुत उदाहरण पेश किया है।

Similar News