निवेशकों के लिए सुनहरा अवसर: भीलवाड़ा में 324 औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू,
भीलवाड़ा। राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (RIICO) ने भीलवाड़ा जिले के औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए औद्योगिक भूखंडों के प्रत्यक्ष आवंटन योजना (नौवां चरण) का बिगुल फूंक दिया है। इस योजना के तहत जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कुल 324 भूखंड आवंटन हेतु उपलब्ध कराए गए हैं, जो उद्यमियों के लिए निवेश का बड़ा द्वार खोलेंगे।
इन क्षेत्रों में उपलब्ध हैं भूखंड:
रीको के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री एस.के. नेनावटी ने बताया कि जिले के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में भूखंडों का वर्गीकरण इस प्रकार है:
फतेहपुरा-समेलिया: 231 औद्योगिक व 02 वेयरहाउस भूखंड।
करणपुरा: 42 भूखंड।
पण्डेर (जहाजपुर): 17 भूखंड।
धुवाला (माण्डल): 12 भूखंड।
किडीमाल (करेड़ा): 07 भूखंड।
पीपलूंद (जहाजपुर): 06 भूखंड।
कान्याखेड़ी: 04 भूखंड।
उखलिया: 03 भूखंड।
फ्लेक्सिबल लीज पॉलिसी और भारी छूट:
फतेहपुरा-समेलिया और पंडेर (जहाजपुर) क्षेत्रों को फ्लेक्सिबल लीज पॉलिसी के दायरे में रखा गया है। इसके तहत निवेशकों को विशेष रियायती आरक्षित दर के मात्र 60 प्रतिशत पर 33 वर्ष की लीज अवधि के लिए भूखंड आवंटित किए जाएंगे।
पात्रता और आवेदन की समय-सीमा:
इस योजना का लाभ उन निवेशकों को मिलेगा जिन्होंने 'राइजिंग राजस्थान' के अंतर्गत राज्य सरकार के साथ 02 मार्च 2026 तक एमओयू (MoU) निष्पादित किया है। इच्छुक उद्यमी रीको के ऑनलाइन पोर्टल riico.rajasthan.gov.in पर जाकर 06 अप्रैल 2026 सायं 6:00 बजे तक अमानत राशि जमा करा सकते हैं। यदि एक भूखंड पर एक ही आवेदक हुआ तो सीधा आवंटन होगा, अन्यथा ई-लॉटरी का सहारा लिया जाएगा।
आसान किश्तों की सुविधा:
उद्यमियों की सहूलियत के लिए रीको ने भुगतान प्रक्रिया को और भी सरल बना दिया है। अब निवेशक 25 प्रतिशत राशि जमा कर भूखंड का कब्जा प्राप्त कर सकते हैं। शेष 75 प्रतिशत राशि का भुगतान 19 त्रैमासिक किश्तों में (8.50% ब्याज के साथ) करने की सुविधा दी गई है, जो पहले केवल 11 किश्तों तक सीमित थी।
