मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की अनूठी पहल: 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित होंगी कॅरियर कार्यशालाएं
भीलवाड़ा । राजस्थान प्रदेश मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्था (रजिस्टर्ड) के शिक्षा प्रकोष्ठ ने प्रदेश के विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संस्था द्वारा कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों के लिए विषय चयन और उच्च शिक्षण संस्थानों के चुनाव को लेकर प्रदेशव्यापी एकदिवसीय कार्यशालाओं के आयोजन की योजना बनाई गई है।
शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रवीण मैढ़ ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होने के बाद अक्सर विद्यार्थी कॅरियर की दिशा तय करने में असमंजस महसूस करते हैं। सही मार्गदर्शन के अभाव में गलत विषय या कॉलेज का चयन भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसी समस्या के समाधान के लिए संगठन स्तर पर विमर्श शुरू किया गया है, जहां विषय विशेषज्ञ सीधे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे।
संस्था के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रसाद तोषावड़, महामंत्री बजरंग लाल झींगा और कोषाध्यक्ष राजकुमार सोनी के नेतृत्व में इस अभियान को गति दी जा रही है। प्रदेशभर के संभागीय प्रभारियों और जिला अध्यक्षों से संपर्क कर जल्द ही कार्यशालाओं की तिथियां निर्धारित करने का आग्रह किया गया है।
शिक्षा प्रकोष्ठ सदस्य दिलीप सोनी ने जानकारी दी कि आयोजन के इच्छुक पदाधिकारी प्रभारी प्रवीण मैढ़ सहित टीम के अन्य सदस्यों—कालूराम रोड़ा (अजमेर), पुरेंद्र कुमार बबेरिया (अलवर), मामराज व सतीष खजवाणियां (जयपुर), गुण प्रकाश कड़ेल (पाली), दिलीप सोनी (भीलवाड़ा), शांति स्वरूप (मकराना) और कोमल सोनी (डीडवाना) से संपर्क कर सकते हैं। संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक प्रतिभावान छात्र को श्रेष्ठ मार्गदर्शन उपलब्ध करवाकर समाज को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।