पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर आयोजित: पूर्व मंत्री गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को दिया राष्ट्र निर्माण का मंत्र
भीलवाड़ा । भारतीय जनता पार्टी जिला भीलवाड़ा के विधानसभा क्षेत्र भीलवाड़ा अंतर्गत सुभाष मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर में मुख्य वक्ता ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और वैचारिक निष्ठा पर बल दिया।
अपने संबोधन के दौरान मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री कालुलाल गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, निस्वार्थ सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता ही हैं, जो जमीनी स्तर पर सेवा कार्यों के माध्यम से संगठन को जीवंत रखते हैं।
प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। वक्ता ने सभी कार्यकर्ताओं की ऊर्जा को सलाम करते हुए कहा कि यही अटूट शक्ति और समर्पण संगठन की असली पहचान है। इस दौरान मंडल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।