प्रभारी मंत्री का भीलवाड़ा दौरा: उपमुख्यमंत्री ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक, बजट घोषणाओं की समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश
भीलवाड़ा (बीएचएन)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बुधवार को भीलवाड़ा जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली और वर्ष 2025-26 व 2026-27 की बजट घोषणाओं के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर जोर
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जारी बजट घोषणाओं को जनहितकारी बताते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और इन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ संपन्न किया जाए। डॉ. बैरवा ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की मंशा है कि योजनाओं का सीधा लाभ आमजन तक पहुंचे, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लापरवाही पर दी चेतावनी
समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की गति धीमी है, उनमें तेजी लाई जाए और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उपमुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। यदि भूमि आवंटन, तकनीकी स्वीकृति या अन्य कोई बाधा आ रही हो, तो तुरंत जिला प्रशासन या राज्य स्तर पर सूचित कर समाधान निकालें।
कलेक्टर ने दिया प्रजेंटेशन
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में चल रही योजनाओं की वर्तमान स्थिति से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) रणजीत सिंह, एडीएम सिटी श्रीमती प्रतिभा देवटिया, जिला परिषद सीईओ चंद्रभान सिंह, यूआईटी सचिव ललित गोयल सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
