महिलाओं द्वारा गणगौर बिंदोला व सवारी में झलकी परंपरा और उल्लास; गीतों से गूंजी गलियां
भीलवाड़ा। शहर के आज़ाद मोहल्ला क्षेत्र में महिलाओं द्वारा पारंपरिक राजस्थानी गणगौर उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
इस दौरान महिलाओं ने डीजे पर गणगौर गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया और वातावरण को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया।
साथ ही महिलाओं द्वारा गणगौर के पारंपरिक दोहे भी गाए गए, जिनसे भक्ति और संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर गणगौर बिंदोला का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने मुखर्जी गार्डन में ईसर-गणगौर की प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। बिंदोला और गणगौर सवारी यात्रा में महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर भाग लिया और पारंपरिक गीत गाते हुए पूरे मोहल्ले में उत्सव का माहौल बना दिया।
मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में ललिता सोमानी, रेणू मुन्दड़ा, आशा काबरा, सरिता सोमानी, सरोज चेचाणी और अनीता चेचाणी का विशेष योगदान रहा।
इसअवसर पर महिलाओं ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में एकता और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
अंत में कुल्फी प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।
