विष्णु को मिलेगा 'राजस्थान समरसता गौरव अवार्ड', जयपुर में 25 देशों के प्रतिनिधियों के बीच होगा सम्मान

Update: 2026-03-18 12:29 GMT

 आसींद (मंजूर)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बराना के पूर्व सरपंच विष्णु पारीक को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित 'राजस्थान समरसता गौरव अवार्ड' से सम्मानित किया जाएगा। विश्व बंधुत्व की अवधारणा को साकार करने वाले संगठन 'अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच' (वी.एस.ओ.) द्वारा राजस्थान स्थापना दिवस के अवसर पर यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

30 मार्च को जयपुर में होगा भव्य समारोह

आगामी 30 मार्च 2026 को गुलाबी नगरी जयपुर में राजस्थान स्थापना दिवस के पावन अवसर पर एक समृद्ध सांस्कृतिक सम्मेलन एवं विचार प्रेजेंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस गौरवशाली समारोह में 25 राष्ट्रों के राष्ट्रध्वजों और उनके प्रतिनिधियों के सानिध्य में विष्णु पारीक को सम्मानित किया जाएगा।

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सम्मान

मंच के संयोजक एवं नेपाल सरकार के प्रथम उपराष्ट्रपति के विशिष्ट सलाहकार डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा (एडवोकेट) ने बताया कि राजस्थान के समृद्ध इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से विष्णु पारीक का चयन इस विशिष्ट पुरस्कार के लिए किया गया है। उन्हें समारोह के मुख्य अतिथियों के कर-कमलों द्वारा यह अवॉर्ड भेंट किया जाएगा।

एकता और समरसता का संदेश

सम्मान के लिए चयनित प्रतिभा विष्णु पारीक ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान स्थापना दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम प्रदेश के गौरव को उत्सव के रूप में मनाने का एक सशक्त माध्यम है। इससे समाज और राष्ट्र में एकता, समरसता तथा सांस्कृतिक चेतना का सकारात्मक संदेश प्रसारित होगा।

Similar News