सीएम भजनलाल शर्मा ने भाजपा जिलाध्यक्ष मेवाड़ा से लिया जिले के प्रशासनिक, राजनैतिक और संगठनात्मक कामकाज का फीडबैक
भीलवाड़ा । राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आज जयपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने शिष्टाचार भेंटवार्ता की। इस उच्च स्तरीय वार्ता में मुख्यमंत्री ने भीलवाड़ा जिले के अधिकारियों एवं प्रशासनिक कामकाज के साथ साथ राजनैतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर मेवाड़ा से व्यापक फीडबैक लिया।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जिलाध्यक्ष मेवाड़ा से जिले के सर्वांगीण विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी और साथ ही पुलिस एवं प्रशासन से संबद्ध अधिकारियों की कार्यशैली की समीक्षा की। वार्ता में जिले के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की अपने कार्यक्षेत्र में स्थिति और संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय को लेकर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने आने वाले पंचायती राज एवं निकाय चुनावों के मद्देनजर जिले के समीकरणों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और आगामी चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने हेतु जमीनी फीडबैक लिया। साथ ही जिले में चल रहे वैचारिक प्रशिक्षण शिविरों की सफलता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के बौद्धिक विकास और पार्टी की रीति-नीति के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
वहीं जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने मुख्यमंत्री को जिले की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की आगामी कार्ययोजना और जनता की अपेक्षाओं से अवगत कराया। मेवाड़ा ने विश्वास दिलाया कि भीलवाड़ा भाजपा का मजबूत गढ़ बना हुआ है और आगामी स्थानीय चुनावों में पार्टी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी। मुख्यमंत्री ने जिलाध्यक्ष द्वारा दिए गए सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और भीलवाड़ा जिले के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ गति देने का आश्वासन दिया।