विधायक कोठारी के प्रयास लाए रंग: 2022 से लंबित मामले में परिजनों को मिली 10 लाख की आर्थिक सहायता

By :  vijay
Update: 2026-03-18 14:00 GMT

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी के सतत प्रयासों से वर्ष 2022 में बरसात के दौरान नाले में बहकर मृत बालक भविष्य लालवानी के पीड़ित परिवार को आखिरकार आर्थिक सहायता स्वीकृत हो गई है। राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग द्वारा 10 लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान करने की स्वीकृति जारी कर दी गई है। इस राशि का चेक विधायक कोठारी 20 मार्च को चेटीचंड पर लालवानी के परिजनों को प्रदान करेंगे।

उल्लेखनीय है कि इस हृदयविदारक घटना के बाद पीड़ित परिवार विधायक कोठारी से मिला और सहायता राशि दिलाने की मांग की । कोठारी ने मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार सरकार के समक्ष यह मामला रखते हुए नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा को पत्र लिखकर तथा व्यक्तिगत भेंट कर पीड़ित परिवार को सहायता राशि दिलाने की मांग की थी। इस प्रकरण में नगर परिषद भीलवाड़ा की साधारण सभा द्वारा भी वर्ष 2022 में 10 लाख रुपये की सहायता का प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार को भेजा गया था।

विधायक कोठारी के प्रयासों के परिणामस्वरूप अब स्वायत्त शासन विभाग ने राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 के प्रावधानों के तहत नगर परिषद कोष से 10 लाख रुपये की राशि पीड़ित परिवार को देने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

विधायक कोठारी ने इस निर्णय के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य "सर्वजनहिताय, सर्वजनसुखाय" है और यह निर्णय उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस सहायता से पीड़ित परिवार को कुछ हद तक संबल मिलेगा।

Similar News