राजस्थान के 40 लाख स्कूली बच्चों को मिलेगी यूनिफॉर्म के लिए आर्थिक मदद, बैंक खाते से जनाधार लिंक होना अनिवार्य

Update: 2026-03-18 15:20 GMT


भीलवाड़ा । राजस्थान के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8 तक के 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। आगामी शिक्षण सत्र 2026-27 में भी सरकार विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के लिए सीधे बैंक खातों में आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। इस योजना के तहत लगभग 250 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे और प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को 600 रुपए की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी।

जनाधार लिंक नहीं होने पर अटक सकती है राशि

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस सहायता राशि का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों का जनाधार कार्ड उनके बैंक खाते से जुड़ा होना अनिवार्य है। विभागीय जांच में सामने आया है कि बड़ी संख्या में छात्रों के बैंक खातों में जनाधार लिंक नहीं है या शाला दर्पण पोर्टल पर बैंक डिटेल्स जैसे आईएफएससी (IFSC) कोड में त्रुटियां हैं। ऐसे तकनीकी कारणों से हजारों विद्यार्थियों की राशि अटकने की आशंका है। वर्तमान में कई अभिभावकों के जनाधार अपडेट नहीं होने के कारण भी सत्यापन की प्रक्रिया धीमी चल रही है।

अधिकारियों को प्रक्रिया तेज करने के सख्त निर्देश

योजना का लाभ समय पर पहुंचाने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि जनाधार सत्यापन और बैंक खातों को अपडेट करने के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्कूलों के माध्यम से अभिभावकों से संपर्क कर जनाधार और बैंक संबंधी विवरणों को दुरुस्त करवाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद छात्र इस सरकारी सुविधा से वंचित न रहे।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078

(Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Similar News