शक्तिपीठ माता बंक्‍या रानी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, चैत्र नवरात्र के पांचवें दिन लगी भारी भीड़

Update: 2026-03-23 09:50 GMT

भीलवाड़ा। आसींद उपखंड की ग्राम पंचायत आमेसर के माता जी का खेड़ा स्थित मेवाड़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बंक्‍या रानी के दरबार में चैत्र नवरात्र के चलते उत्सव का माहौल है। नवरात्र के पांचवें दिन आज माता के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। देश और प्रदेश के कोने-कोने से भक्त माता के चरणों में मत्था टेकने पहुँच रहे हैं।

आस्था के इस केंद्र पर नवरात्र पर्व के विशेष अवसर पर माता की दिन में चार बार भव्य महाआरती की जा रही है, जिसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं। मंदिर ट्रस्ट द्वारा बाहर से आने वाले जातरुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े पहरे लगाए गए हैं। शंभूगढ़ थाना पुलिस के एक दर्जन से अधिक जवान मुस्तैदी से तैनात हैं, वहीं चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है। दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से ठहरने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ निःशुल्क भोजन भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

Tags:    

Similar News