भीलवाड़ा की धरा पर हुआ सेवा कार्यों का शंखनाद, 32 शाखाओं के जांबाज सम्मानित

By :  vijay
Update: 2026-03-23 09:34 GMT

 

​भीलवाड़ा । भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत की प्रांतीय परिषद की सभा में सेवा, संस्कार और समर्पण की त्रिवेणी बही। राष्ट्रीय महामंत्री दुर्गादत्त शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस भव्य समारोह में साल भर मानवता की सेवा में जुटे रहने वाले कर्मयोगियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में महानगर, नगर और ग्रामीण अंचलों की उत्कृष्ट शाखाओं को उनकी उपलब्धियों के लिए नवाजा गया, जिसमें स्वामी विवेकानंद शाखा भीलवाड़ा और अजमेर मुख्य शाखा ने संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ शाखा का खिताब अपने नाम कर गौरव बढ़ाया।

​महानगरों में नेताजी सुभाष का दबदबा

समारोह के दौरान शाखाओं के कार्यों के आधार पर की गई रैंकिंग में महानगर श्रेणी में नेताजी सुभाष शाखा प्रथम रही, जबकि ब्यावर मुख्य ने दूसरा और वीर शिवाजी शाखा भीलवाड़ा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी तरह नगर श्रेणी में शाहपुरा शाखा पहले, गुलाबपुरा दूसरे और विजयनगर तीसरे पायदान पर रही। ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा की अलख जगाने में बांदनवाड़ा शाखा अव्वल रही, वहीं मांडल ने द्वितीय और भोजराज शाखा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

​रक्तदान से देहदान तक, सेवा की मिसाल

परिषद ने विभिन्न सेवा प्रकल्पों के लिए भी विशिष्ट सम्मान दिए। इसमें सर्वाधिक रक्तदान के लिए जहाजपुर, नेत्रदान के लिए किशनगढ़ मुख्य और देहदान के क्षेत्र में विजयनगर शाखा को सम्मानित किया गया। दिव्यांग सहायता शिविरों के सफल आयोजन के लिए स्वामी विवेकानंद शाखा भीलवाड़ा को सराहा गया। वहीं, 'भारत को जानो' प्रतियोगिता के लिए नाथद्वारा और प्रांतीय स्तर पर चंद्रशेखर आजाद शाखा भीलवाड़ा को पुरस्कृत किया गया।

​संस्कार और संस्कृति का समन्वय

सांस्कृतिक और सांगठनिक गतिविधियों में भी शाखाओं ने उत्साह दिखाया। क्षेत्रीय समूह गान में अजमेर मुख्य और प्रांतीय समूह गान में स्वामी विवेकानंद शाखा ब्यावर को सम्मान मिला। संस्कृति सप्ताह के लिए सुभाष शाखा भीलवाड़ा, कुटुंब प्रबोधन हेतु शाहपुरा और सरल सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए अरावली अजमेर को नवाजा गया। इसके साथ ही जिला कार्यशाला के लिए वीर शिवाजी शाखा केकड़ी और सदस्यता वृद्धि के लिए नेताजी सुभाष शाखा ब्यावर को सम्मानित किया गया।

​विशेष उपलब्धियों पर टिकी नजरें

एनीमिया मुक्त भारत अभियान में उल्लेखनीय कार्य के लिए राजसमंद शाखा को सराहा गया, वहीं बिजोलिया, द्वारकाधीश राजसमंद और अजमेर शाखाओं को नई शाखाएं खोलने के लिए विशेष सम्मान मिला। भीलवाड़ा में चार बार प्रांतीय कार्यक्रमों की सफल मेजबानी के लिए स्वामी विवेकानंद शाखा को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। समारोह में प्रांतीय संरक्षक रामेश्वर लाल काबरा, अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी, महासचिव आनंद सिंह राठौर, सचिव अमित सोनी और क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी सहित 32 शाखाओं के 280 से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Similar News