भीलवाड़ा । बिजौलिया क्षेत्र के मंडोल बांध गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक को कथित रूप से बंधक बनाकर उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गई। इस घटना में युवक करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि उसकी बाइक भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बिजौलिया थाना एसएचओ स्वागत पांड्या ने बताया कि दिलीप (18) पुत्र प्रकाश बंजारा निवासी फतेहपुरा डाबी, जिला बूंदी अपने एक रिश्तेदार से मिलने मंडोल गांव आया हुआ था। मंडोल बांध के पास स्थित एक परिचित के घर पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान युवक की बाइक और उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।
घटना के समय उठते धुएं को देखकर वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बाइक पूरी तरह जली हुई थी, जबकि युवक के हाथ, पीठ और बाल झुलसे हुए थे। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत बिजौलिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर किया गया।
डॉक्टर अंसार खान के अनुसार युवक के हाथ, पैर और मुंह झुलसे हुए हैं तथा करीब 30 प्रतिशत शरीर जल चुका है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।