एएसआई-प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा: पेपर लीक पर सख्त प्रहरा, 830 वीक्षकों-ऑब्जर्वर का पुलिस वेरिफिकेशन; 1 घंटे पहले बंद होंगे गेट

Update: 2026-04-04 09:06 GMT

भीलवाड़ा। शहर में 5 और 6 अप्रैल 2026 को होने वाली एएसआई और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के लिए इस बार प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पेपर लीक और फर्जीवाड़े की घटनाओं पर सख्ती से लगाम कसने के लिए ड्यूटी स्टाफ और वीक्षकों का पुलिस वेरिफिकेशन किया जा रहा है और सभी को सघन सिक्योरिटी चेक से गुजरना होगा।

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इस परीक्षा में कुल 15,327 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए जिले में 25 सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 795 वीक्षकों और 35 ऑब्जर्वर का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जा रहा है। पुलिस उनके बैकग्राउंड और आपराधिक रिकॉर्ड की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी के खिलाफ पूर्व में नकल करवाने या कोई अन्य आपराधिक प्रकरण तो दर्ज नहीं है। संदेह होने पर संबंधित व्यक्ति को तुरंत ड्यूटी से हटा दिया जाएगा।

परीक्षा दो पारियों में संपन्न होगी। पहली पारी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। सेंटर पर सघन चेकिंग के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा समय से 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य है। परीक्षा शुरू होने से ठीक 1 घंटा पहले (सुबह 10 बजे और दोपहर 2 बजे) प्रवेश पूर्णतः बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं मिलेगी। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल फोटो युक्त आईडी, एक रंगीन फोटो और एडमिट कार्ड लाना अनिवार्य होगा। ओएमआर शीट में पांचवां विकल्प भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।

Similar News