जिला अभिभाषक संस्था की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण एवं भूमि पूजन 5 को

Update: 2026-04-04 08:39 GMT

भीलवाड़ा। जिला अभिभाषक संस्था भीलवाड़ा की वर्ष 2026 की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह व सरकार द्वारा आवंटित 62 बीघा भूमि का भूमि पूजन कार्यक्रम 5 अप्रैल 2026 को सुबह 10:15 बजे नव भूमि सांगानेर, तस्वारिया में आयोजित होगा।

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधिपति संजीव कुमार शर्मा, राजस्थान सरकार की उप मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री दिया कुमारी, न्यायाधिपति डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी, न्यायाधिपति विनीत माथुर, न्यायाधिपति फरजन्द अली, न्यायाधिपति प्रवीर भटनागर एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन सहित जिले के समस्त न्यायाधीश, न्यायिक मजिस्ट्रेट व प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे।

सर्वप्रथम नव आवंटित भूमि का भूमि पूजन होगा, जिसके पश्चात जिला अभिभाषक संस्था की 2026 की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच, रेवेन्यू महासचिव मनोहर लाल बुनकर, कोषाध्यक्ष रवि गोरानी, सह सचिव आदित्य सिंह चौहान व पुस्तकालय सचिव प्रताप तेली को अतिथियों द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा पंकज पंचोली, राघवेंद्र नाथ व्यास, ओम प्रकाश तेली, वंदना आमेटा, पीरू सिंह गौड़ व आनंद शर्मा को मनोनीत सदस्य बनाया गया है।

वर्तमान में जिला एवं सेशन न्यायालय जिस परिसर में संचालित है, वह 1948 से है। इस न्यायालय के प्रथम जिला एवं सेशन न्यायाधीश हीरा लाल करनपुरिया थे, इसके बाद अब तक 51 जिला एवं सेशन न्यायाधीश रह चुके हैं एवं वर्तमान में 52वें न्यायाधीश अभय जैन हैं। ब्रिटिश काल में न्यायालय जूनावास में संचालित होता था। वर्तमान में न्यायालय परिसर में 20 कोर्ट संचालित हैं और स्थान की कमी होने से लगभग 11 कोर्ट न्यायालय परिसर से बाहर संचालित हैं। इसी कारण पूर्व कार्यकारिणी के प्रयासों से 62 बीघा भूमि आवंटित हुई है। नव आवंटित भूमि का विकास वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा किया जाएगा।

अध्यक्ष राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। आयोजन में जिला न्यायालय के न्यायाधीश, अधिवक्तागण एवं न्यायालय स्टाफ शामिल होंगे।

Similar News