भाविप की कमान फिर बाल्दी के हाथ, राजस्थान बना देश का सर्वश्रेष्ठ क्षेत्र

Update: 2026-03-04 08:55 GMT

भीलवाड़ा । सेवा और संस्कार के क्षेत्र में अग्रणी संस्था भारत विकास परिषद ने एक बार फिर राजस्थान की टीम पर भरोसा जताया है। दिल्ली में हुई केंद्रीय कोर कमेटी की बैठक के बाद घोषित की गई नई कार्यकारिणी में भीलवाड़ा के सीए सन्दीप बाल्दी को लगातार तीसरी बार उत्तर-पश्चिम क्षेत्र का क्षेत्रीय महासचिव मनोनीत किया गया है। बाल्दी सत्र 2026-27 के लिए इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभालेंगे।

संगठन की इस घोषणा के साथ ही राजस्थान के गौरव में एक और अध्याय जुड़ गया है। हाल ही में 12 से 14 फरवरी तक नागपुर के डॉ. हेडगेवार भवन में आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में राजस्थान (उत्तर-पश्चिम क्षेत्र) को देश का सर्वश्रेष्ठ क्षेत्र घोषित किया गया। यह सम्मान बाल्दी के नेतृत्व में प्रदेश की 250 से अधिक शाखाओं और 17,000 सदस्यों द्वारा किए गए रिकॉर्ड तोड़ सेवा कार्यों के लिए दिया गया। बाल्दी के पिछले कार्यकाल में राजस्थान ने सेवा के कई नए कीर्तिमान रचे। इसमें 1.75 लाख महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच, 4.58 लाख विद्यार्थियों के बीच 'भारत को जानो' प्रतियोगिता और 15 नई शाखाओं का गठन प्रमुख रहा। अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर भामाशाहों के सहयोग से 55 लाख रुपये की सेवा राशि का संग्रह भी संगठन की बड़ी उपलब्धि रही। केंद्रीय नेतृत्व ने बाल्दी के साथ ही जोधपुर के राधेश्याम रंगा को क्षेत्रीय अध्यक्ष, सीकर के सीए राजेन्द्र अग्रवाल को क्षेत्रीय वित्तसचिव और जोधपुर के जगदीश शर्मा को क्षेत्रीय संगठन सचिव के पद पर नियुक्त किया है। बाल्दी की इस नियुक्ति पर परिषद के सदस्यों में हर्ष की लहर है और प्रदेशभर से बधाइयों का तांता लगा हुआ है।

Tags:    

Similar News