भीलवाड़ा में नगर निगम का सिंगल यूज़ प्लास्टिक और अतिक्रमण पर विशेष अभियान जारी

Update: 2026-02-25 11:33 GMT

भीलवाड़ा। नगर निगम भीलवाड़ा ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक/प्लास्टिक कैरी बैग, अस्थाई अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान तेज गति से जारी रखा है।

नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि यह अभियान 9 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 25 फरवरी को 57 किलो सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त किया गया और 11,500 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया। अब तक अभियान में कुल 1241 किलो सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त कर कुल 2.83 लाख रुपए का जुर्माना वसूल किया जा चुका है।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत गंदगी फैलाने वाले 188 व्यक्तियों पर 92,700 रुपए का जुर्माना किया गया। अभियान के दौरान कुल 5.80 लाख रुपए का जुर्माना वसूल किया गया है। इसके साथ ही नगरीय विकास कर की 8.30 लाख रुपए की वसूली भी की गई, जिससे अभियान के दौरान कुल 92.88 लाख रुपए का नगरीय विकास कर वसूला जा चुका है।

अस्थाई अतिक्रमण हटाने के तहत बाजार नंबर तीन और सराफा बाजार में अतिक्रमण हटाए गए और 60 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर हो रहे अतिक्रमण भी तोड़े गए। अतिक्रमण हटाते समय क्षतिग्रस्त हुई सड़क और नाली का पुनर्निर्माण भी नगर निगम द्वारा तेज गति से किया जा रहा है। निगम यह सुनिश्चित करेगा कि सड़क और नाली में मौजूद कच्ची जगहों पर भी पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए।

निगम आयुक्त ने कहा कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और गंदगी फैलाने वालों, सिंगल यूज़ प्लास्टिक/प्लास्टिक कैरी बैग उपयोग करने वालों और अस्थाई अतिक्रमण करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News