भीलवाड़ा। श्री गौसेवा मित्रमंडल एवं पर्यावरण संरक्षण चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में गौभक्तों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त श्री हेमाराम चौधरी को ज्ञापन सौंपकर शहर में गौमाता के नाम पर एक सर्किल विकसित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम प्रशासन से काइन हाउस के समीप स्थित सर्किल को “कामधेनु सर्किल” के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भीलवाड़ा को धर्मनगरी एवं गौ-नगरी के रूप में विशेष पहचान प्राप्त है तथा यहां गौसेवा की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। इसके बावजूद अब तक शहर में गौमाता के नाम पर कोई प्रमुख सर्किल या स्मारक विकसित नहीं किया गया है। गौभक्तों ने बताया कि अन्य शहरों में गौमाता के नाम से सर्किल एवं स्मारक स्थापित हैं, जिससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावना को बल मिलता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए भीलवाड़ा में भी गौमाता के नाम पर एक आदर्श सर्किल विकसित किया जाना आवश्यक है।
संगठन के अध्यक्ष अमन शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित “कामधेनु सर्किल” को गौमाता की थीम पर आधारित सांस्कृतिक स्वरूप दिया जाएगा, जिसमें गौमाता की प्रतिमा, आकर्षक सज्जा, हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस सर्किल के विकास एवं सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी श्री गौसेवा मित्रमंडल द्वारा स्वेच्छा से लेने के लिए संगठन तैयार है, जिससे नगर निगम पर अतिरिक्त आर्थिक भार भी नहीं पड़ेगा।
नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने ज्ञापन प्राप्त कर इस पहल को सराहनीय एवं अभिनव बताया तथा प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी आवश्यक है और इस प्रकार के प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के सुनील शर्मा, शुभम सोनी, शुभांशु जैन, अभिषेक चंडालिया, देवराज सिंह चुण्डावत, सात्विक शर्मा, अनिल सोनी, दीपमाला, हर्षित ओझा, ऋतिक जैन, नरेंद्र बघेला, पृथ्वीराज सिंह सहित बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेकर कार्य प्रारंभ करने की मांग भी की।
