शोभायात्रा और अखाड़ा प्रदर्शन के साथ पथिक नगर में विराट हिन्दू सम्मेलन संपन्न

Update: 2026-01-25 11:22 GMT

भीलवाड़ा |राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पथिक नगर क्षेत्र की बालाजी बस्ती में रविवार को एक भव्य विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन पथिक नगर वाई-फाई टावर गार्डन में संपन्न हुआ। सम्मेलन में क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में हिंदू माता-बहनें एवं भाई शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम स्थल पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी उद्घोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति और सनातन चेतना से ओत-प्रोत हो गया।

हिंदू सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाहक रामधन गुर्जर रहे। वहीं जैन संत रविंद्र मुनि एवं विकसित मुनि का सान्निध्य कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान कर रहा था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अशोक श्रोत्रिय, सत्यनारायण नवहाल एवं शकुंतला वैष्णव रहे।

मुख्य वक्ता रामधन गुर्जर ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में भारत के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिप्रेक्ष्य में सनातन संस्कृति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि आज विश्व हिंदुस्तान की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है और हमारी संस्कृति ही समस्त समस्याओं का समाधान प्रस्तुत कर सकती है। गुर्जर ने परिवार प्रबोधन, संस्कारों की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक समरसता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हिंदुत्व जीवन पद्धति है, जो समाज को दिशा देने का कार्य करती है।

जैन संत रविंद्र मुनि एवं विकसित मुनि ने अपने प्रवचनों में समाज को जाति, वर्ग और संकीर्ण सोच से ऊपर उठकर सनातन एकता को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा सभी मतों और विचारों को साथ लेकर चलने वाली सर्वसमावेशी संस्कृति है, और जब तक समाज एकजुट होकर सनातन मूल्यों को नहीं अपनाएगा, तब तक राष्ट्र सशक्त नहीं बन सकता। संतों ने अहिंसा, संयम और सद्भाव को सनातन संस्कृति की आत्मा बताते हुए समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की।

कार्यक्रम में कवि संजीव दाधीच की देशभक्ति कविता ने उपस्थित जनसमूह में जोश और राष्ट्रप्रेम का संचार कर दिया। उनकी रचनाओं पर श्रोताओं ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की प्रस्तावना डॉ. सुनीलराय पोरवाल ने रखी, जबकि मंच संचालन शिव पगारिया ने किया। सम्मेलन से पूर्व शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान दुर्गा शक्ति अखाड़ा एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अखाड़ा प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। अंत में आयोजन समिति अध्यक्ष अशोक श्रोत्रिय ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Similar News