पेंच के बालाजी मंदिर में फागोत्सव की धूम: श्रद्धा और उल्लास के साथ खेली फूलों की होली

Update: 2026-03-05 10:31 GMT

भीलवाड़ा (हलचल)। स्थानीय पेंच के बालाजी मंदिर में बालाजी महिला मंडल के तत्वावधान में फागोत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ किया गया। पंडित आशुतोष शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत श्री हनुमान जी महाराज के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

इस अवसर पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के प्रवक्ता श्री पुरुषोत्तम उनियाल सपरिवार उपस्थित रहे। उन्होंने यमुनोत्री का दुपट्टा और यमुना जल श्री हनुमान जी को अर्पित किया। उत्सव के दौरान राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसका श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।

भजनों पर झूमीं महिलाएं, गुलाल से सराबोर हुआ प्रांगण

मंडल की सदस्य सुमन गगरानी, गुनमाला अग्रवाल, मोना अग्रवाल और ममता दाधीच ने उपस्थित सभी बहनों का गुलाल लगाकर आत्मीय स्वागत किया। संगीत की सरिता बहाते हुए प्रतिमा त्रिवेदी, संतोष ओझा, मंजू व्यास, पुष्पा गंगड, दीप्ति खंडेलवाल और नन्हे बाल कलाकार तन्मय ने एक से बढ़कर एक सुंदर भजनों की प्रस्तुतियां दीं।

वंदना चौखड़ा, निर्मला शर्मा और सीमा खंडेलवाल ने जानकारी दी कि भजनों की धुनों पर महिला मंडल की सदस्यों ने जमकर नृत्य किया। वातावरण पूरी तरह से फागुनी रंग में रंग गया जब सभी ने फूलों और रंग-बिरंगी गुलाल के साथ होली खेली। कार्यक्रम का समापन विधि-विधान से आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Tags:    

Similar News