भीलवाड़ा में शिव महापुराण कथा की तैयारियां तेज: मेडिसिटी ग्राउंड में सफाई कार्य शुरू
भीलवाड़ा । धर्मनगरी भीलवाड़ा में आगामी 8 से 14 अप्रैल तक आयोजित होने वाली देश के प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की 'श्री शिव महापुराण कथा' को लेकर उत्साह चरम पर है। आजाद नगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में गुरुवार को विधिवत पूजन के साथ सफाई और समतलीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
महंत बाबूगिरी महाराज ने किया जेसीबी का पूजन
आयोजन के सूत्रधार महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में जेसीबी मशीनों का पूजन कर मैदान की सफाई का आगाज हुआ। इस अवसर पर महाराज ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि भीलवाड़ा के समस्त सनातन समाज और सामाजिक-धार्मिक संगठनों को एकजुट होकर इस भव्य आयोजन को ऐतिहासिक बनाना है।
विधायक अशोक कोठारी के नेतृत्व में जुटी समिति
कथा के सफल आयोजन के लिए समिति के अध्यक्ष व विधायक अशोक कोठारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के नेतृत्व में युद्धस्तर पर तैयारियां जारी हैं। मैदान की देखरेख का जिम्मा सत्यनारायण गुगड़ संभाल रहे हैं।
7 मार्च को कार्यालय का शुभारंभ और भव्य कलश यात्रा
कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने बताया कि 7 मार्च को दोपहर 12:15 बजे संकटमोचन हनुमान मंदिर के पास आयोजन समिति के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन होगा। कथा से पूर्व 7 अप्रैल को विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों महिलाएं मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी।
मेवाड़ की पहली कथा, उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
पंडित प्रदीप मिश्रा की मेवाड़ क्षेत्र में यह पहली कथा है, जिसे लेकर राजस्थान के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन स्थल पर सफाई कार्य के दौरान महासचिव पीयूष डाड, बद्रीलाल सोमानी, ललित सोमानी, मंजू पोखरना, अलका जोशी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
