महाशिवरात्रि पर धोबी समाज ने दिखाई सामाजिक एकता, महिलाओं ने लिया अन्न की बर्बादी रोकने का संकल्प

Update: 2026-02-17 12:50 GMT



भीलवाड़ा -

धोबी समाज सेवा संस्थान, भीलवाड़ा के तत्वावधान में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर लव गार्डन स्थित मंशापूर्ण महादेव मंदिर (धाँधोंलाई की पाल) पर भव्य धार्मिक अनुष्ठान एवं स्नेहभोज का आयोजन किया गया। भक्ति और शक्ति के इस संगम में समाज के हजारों लोगों ने शिरकत कर सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया।

अध्यक्ष किशन दशलानिया ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 16 फरवरी की रात्रि को विशाल भजन संध्या एवं सत्संग के साथ हुआ, जहाँ कलाकारों ने शिव भजनों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। आज, 17 फरवरी की सुबह 10.15 बजे मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का महाअभिषेक एवं महाआरती की गई, जिसके पश्चात महादेव को छप्पन भोग अर्पित किया गया।

महिला शक्ति का अनूठा संकल्प: ’थाली में जूठन नहीं छोड़ेंगे’

इस वर्ष के आयोजन में महिला शक्ति की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने न केवल धार्मिक अनुष्ठानों में बढ़-चढ़कर भाग लिया, बल्कि एक सराहनीय सामाजिक पहल भी की।

स्नेहभोज के दौरान महिलाओं ने सभी आगंतुकों को ’थाली में जूठन न छोड़ने’ का संकल्प दिलाया। समाज की महिलाओं ने संदेश दिया कि अन्न देवता का अपमान रोकना और संसाधनों का सदुपयोग करना ही सच्ची शिव भक्ति है। इस पहल की पूरे समाज और उपस्थित अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।

दोपहर 12.15 बजे से आयोजित सामूहिक स्नेहभोज में समाज के बंधु, माताएं और बहनें सपरिवार सम्मिलित हुए। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष होने वाला यह आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है।

इस अवसर पर धोबी समाज सेवा संस्थान के समस्त पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं भीलवाड़ा के गणमान्य नागरिक के साथ क्षैत्रवासी राधेश्याम, शांतिलाल, गोरधन, लादू, सौनारायण, सुखदेव, मोहनलाल, शंकर, शंभू, रतन, हंसराज व महिला शक्ति से प्रेम देवी, गीता, हेमा, मीरा देवी, पूजा पायक, सरोज देवी, संगीता पायक, सरस्वती व लादी देवी द्वारा कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Similar News