अफ़वाहों पर न दें ध्यान, जिले में रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू: जिला कलेक्टर

Update: 2026-03-13 08:54 GMT

भीलवाड़ा । जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने आमजन को आश्वस्त किया है कि भीलवाड़ा जिले में रसोई गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह नियमित रूप से जारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे गैस किल्लत से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही घबराकर अनावश्यक पैनिक बुकिंग या भंडारण करें।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडरों का वितरण सामान्य रूप से हो रहा है। यदि किसी उपभोक्ता को रिफिल या आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या आती है, तो वे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112, 181 या 14435 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

होम डिलीवरी और ओटीपी अनिवार्य

प्रशासन ने समस्त गैस एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे केवल पंजीकृत उपभोक्ताओं को ही नियमानुसार बुकिंग के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराएं। डिलीवरी के समय पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ओटीपी (OTP) के माध्यम से ही घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

कालाबाजारी पर रहेगी पैनी नजर

गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने 'जिला सतर्कता यूनिट' का गठन किया है। यह टीम अवैध भंडारण या ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही, जिला कलेक्टर ने बताया कि स्कूलों, अस्पतालों, ट्रस्ट और जेल जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए वाणिज्यिक (कमर्शियल) सिलेंडरों की भी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

Tags:    

Similar News