भीलवाड़ा। साहित्य सृजन कला संगम के सचिव, सुप्रसिद्ध कवि और केंद्रीय साहित्य अकादमी से पुरस्कृत साहित्यकार डॉ. कैलाश मण्डेला को वर्ष 2025 का 'श्री संतोष कुमार वर्मा स्मृति शब्द साधक सम्मान' प्रदान किया जाएगा।
आगरा (उत्तर प्रदेश) की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था 'शब्द साधक' द्वारा यह सम्मान 25 दिसंबर 2025 को आगरा में आयोजित एक समारोह में दिया जाएगा। इस अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भी आयोजन होगा।
यह सम्मान समारोह प्रतिवर्ष स्वर्गीय संतोष कुमार वर्मा की साहित्यिक विरासत को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। सुप्रसिद्ध कवयित्री सपना सोनी के संयोजन में पिछले पांच वर्षों से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है।
डॉ. मण्डेला को साहित्य की विभिन्न विधाओं में अब तक कई प्रतिष्ठित पुरस्कार और सम्मान मिल चुके हैं। उनकी आठ से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। केंद्रीय साहित्य अकादमी ने उनके 'कुरल काव्य' के राजस्थानी दोहा छंद में अनुवाद को प्रकाशित और पुरस्कृत किया है। इसके अतिरिक्त, 'डींगल काव्य ढोला मारू' का हिंदी दोहा अनुवाद भी अकादमी के सहयोग से प्रकाशित हुआ है।
डॉ. मण्डेला हिंदी और राजस्थानी भाषा के प्रतिष्ठित गीतकारों में से एक हैं। उनका साहित्य शोधपरक माना जाता है, जो उनकी गहरी साहित्यिक समझ और समर्पण को दर्शाता है।
सम्मान समारोह के साथ आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में प्रतिष्ठित कवि पवन आगरी, शशांक प्रभाकर नीरज, डॉ. नितिन मिश्रा, राकेश निर्मल, संजीव सजल सहित कई अन्य आमंत्रित कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
